बिहार चुनाव 2025: सहरसा में तेजस्वी की हुंकार- ‘लालू जी नहीं डरे, तो बेटवा कैसे डरेगा?’

सहरसा, 24 अक्टूबर 2025: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को सहरसा में महागठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार और एनडीए पर जमकर हमला बोला। तेजस्वी ने ठेठ अंदाज में कहा, “जब लालू जी नहीं डरे, तो उनका बेटवा कैसे डरेगा?” उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “दो लोग गुजरात से आकर बिहार को चलाने का सपना देख रहे हैं। बिहार को बिहारी चलाएगा, बाहरी नहीं।”

एनडीए पर बेरोजगारी और पलायन का आरोप
तेजस्वी ने एनडीए के 20 साल के शासन पर सवाल उठाते हुए कहा, “इन लोगों ने बिहार में क्या किया? बिहार में सबसे ज्यादा बेरोजगारी और पलायन है। हमारी घोषणाओं की नकल कर रहे हैं, लेकिन फैक्ट्री गुजरात में लगाएंगे और वोट बिहार में मांगेंगे?” उन्होंने बिहार के विकास के लिए अपने विजन को सामने रखते हुए कहा, “हम चाहते हैं कि हर जिले में कारखाने खुलें, अच्छे अस्पताल और स्कूल बनें, महंगाई कम हो और नौकरियां मिलें।”

’14 तारीख को बनेगी महागठबंधन की सरकार’
तेजस्वी ने जनसभा में मौजूद लोगों से वादा किया कि 14 तारीख को महागठबंधन की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार बनने के 20 महीनों के भीतर बिहार में कोई परिवार ऐसा नहीं बचेगा, जिसके पास सरकारी नौकरी न हो।” इसके साथ ही उन्होंने कई बड़े वादे किए, जिसमें गैस सिलेंडर की कीमत 1000 रुपये से घटाकर 500 रुपये करने, ‘माई बहिन योजना’ के तहत माताओं-बहनों के खाते में हर महीने 2500 रुपये और सरकार बनने पर एकमुश्त 30,000 रुपये देने का ऐलान शामिल है।

बिहार के लिए विजन और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा
तेजस्वी ने बिहार को समृद्ध बनाने का खाका पेश करते हुए कहा, “हम ऐसा बिहार बनाएंगे जहां किसानों की आय दोगुनी हो। हमारी सरकार में कोई भेदभाव नहीं होगा, सिर्फ विकास होगा।” उन्होंने लोगों से महागठबंधन को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा, “आपका साथ चाहिए, ताकि हम बिहार को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।”

तेजस्वी की इस रैली ने सहरसा में महागठबंधन के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की, और उनके वादों ने जनता में उत्साह जगाया। अब सबकी नजर 14 तारीख को होने वाले नतीजों पर टिकी है।

रिपोर्ट :सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🗳️ अपना वोट डालें
error: Content is protected !!