महाराष्ट्र में सनसनीखेज मामला: खुद को शिव अवतार बताकर महिला को पार्वती बनाकर रेप! पालघर के भोंदू बाबा ऋषिकेश वैद्य गिरफ्तार

पुणे/पालघर। महाराष्ट्र में आस्था का ढोंग रचने वाले स्वयंभू बाबाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। नासिक के अशोक खरात की गिरफ्तारी के महज कुछ दिनों बाद अब पालघर का एक और तथाकथित बाबा ऋषिकेश वैद्य (40 वर्ष) रेप और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप में फंस गया है। पुलिस ने उसे शुक्रवार रात पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता (35 वर्षीय, पुणे निवासी) ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने फेसबुक के जरिए 2023 में उससे संपर्क किया। दिसंबर 2023 में वैद्य पुणे आया और खुद को भगवान शिव (महादेव) का अवतार बताते हुए महिला को अपनी पार्वती बताया। उसने महिला को पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में ले जाकर नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया और उसके साथ बलात्कार किया।

ब्लैकमेलिंग का शिकंजा

आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए और बाद में इन्हीं के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। मई 2025 में उसने महिला को पालघर के वसई स्थित एक होटल में बुलाकर फिर से यौन शोषण की कोशिश की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने कई अन्य महिलाओं का भी इसी तरीके से शोषण किया है।

नासिक बाबा केस से जुटाई हिम्मत

महिला ने नासिक में अशोक खरात (67 वर्ष) की गिरफ्तारी (18 मार्च 2026) के बाद हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई। वसई के माणिकपुर पुलिस स्टेशन में पहले जीरो FIR दर्ज की गई, जिसे बाद में पुणे के हडपसर पुलिस स्टेशन को ट्रांसफर कर दिया गया। आरोपी पर धारा 64 (बलात्कार) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

पालघर के वसई-विरार क्षेत्र में रहने वाला ऋषिकेश वैद्य एक सामाजिक संगठन भी चलाता था। FIR दर्ज होते ही वह फरार हो गया था, लेकिन पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पिंपरी से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को 9 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

आरोपी का बचाव

वैद्य ने सोशल मीडिया पर आरोपों से इनकार करते हुए इसे झूठा केस बताया है। हालांकि पुलिस जांच में उसके खिलाफ ठोस सबूत जुटाने का दावा कर रही है।

पुणे पुलिस के डीसीपी (क्राइम) निखिल पिंगले ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही थी और अब जांच तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।

यह मामला महाराष्ट्र में स्वयंभू बाबाओं द्वारा महिलाओं के यौन शोषण की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करता है। नासिक के अशोक खरात मामले में भी कई महिलाओं के यौन शोषण, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो बनाने के आरोप सामने आए थे, जिसने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी थी।पुलिस अब इस मामले में अन्य पीड़ित महिलाओं के सामने आने की संभावना जता रही है।

रिपोर्ट:सुरेंद्र कुमार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

🗳️ अपना वोट डालें
error: Content is protected !!